यमुनानगर: बच्चों को साइबर अपराध से बचाने को पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: बच्चों को साइबर अपराध से बचाने को पुलिस ने जारी की एडवाइजरी


यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच यमुनानगर जिला पुलिस ने बच्चों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसमें अभिभावकों को सतर्क रहने और बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने शनिवार को बताया कि वर्तमान समय में बच्चे शिक्षा, मनोरंजन और सोशल मीडिया के कारण इंटरनेट का अधिक उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में साइबर अपराधी उन्हें निशाना बनाकर विभिन्न तरीकों से ठगी और शोषण के प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन गेम्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपराधी बच्चों से संपर्क स्थापित करते हैं और उन्हें आकर्षक ऑफर या झांसे देकर निजी जानकारी हासिल कर लेते हैं। कई मामलों में बच्चे अनजाने में ही परिवार से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा कर देते हैं, जिससे वे धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं।

पुलिस ने यह भी चेताया कि अनियंत्रित इंटरनेट उपयोग बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। अनुचित सामग्री या साइबर बुलिंग जैसी घटनाएं बच्चों के व्यवहार और सोच पर नकारात्मक असर डालती हैं। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और उन्हें इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक करें। साथ ही, किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की स्पष्ट हिदायत दें। पुलिस ने यह भी सुझाव दिया कि माता-पिता बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और आवश्यकतानुसार पैरेंटल कंट्रोल जैसे विकल्पों का उपयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story