जींद : यूके से कपड़े, आभूषण, फोन भेजने का झांसा देकर सवा लाख ठगे
जींद, 20 सितंबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने यूके से कपड़े, आभूषण तथा मोबाइल फोन भेजने का झांसा देकर महिलासे लगभग एक लाख 31 हजार रुपये ठगने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपितों ने कभी बिल तो कभी पेमेंट लेट होने के नाम पर महिला से रुपये डलवाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव ईगराह निवासी दर्शना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एड देखी थी। जिसमें मार्केट से काफी सस्ते कपड़े तथा अन्य सामान सस्ता बताया गया था। बातचीत करने पर उसने अपना नाम राहुल बताया और खुद को यूके में रहना बताया। उसने कहा कि वह कुछ कपड़े, आभूषण तथा मोबाइल फोन भेज रहा है। जिसके बाद उसके बाद दूसरे नंबर से कॉल आई। जिसने बताया कि वह मुम्बई एयरपोर्ट से बोल रहा है। आपका पार्सल आया हुआ है। जिसके लिए 16 हजार रुपये का भुगतान करना होगा।
जिस पर उसने गूगल पे के माध्यम से राशि भेज दिया। फिर सामान का बिल बनवाने के नाम पर 35 हजार लिए गए। फिर पेमेंट लेट होने के नाम पर उससे फिर पचास हजार रुपये डलवा लिए गए। फिर सामान कमरे में रखने होने की बात कह कर 29 हजार 900 रुपये और डिमांड की गई। जिसे स्कनैर से भेज दिए। आरोपित उससे लगभग एक लाख 30 हजार रुपये हड़प चुके थे। बावजूद इसके रुपयों की डिमांड बढ़ती चली गई। जिस पर उसे फ्रॉड का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने दर्शना की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी जगदीप ने बताया कि सस्ते कपड़े व अन्य सामान भेजने के नाम पर राशि ठगने की शिकायत मिली थी। जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

