पानीपत: साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को लगाया लाखों रुपए का चूना

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को लगाया लाखों रुपए का चूना


पानीपत, 09 जुलाई (हि.स.)। पानीपत में साइबर ठगों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक रिटायर्ड अधिकारी को अपने जाल में फंसाकर उनसे और उनकी पत्नी के बैंक खातों से 27 लाख 40 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। साइबर ठगों ने पीड़ित को उनके नाम पर फर्जी क्रेडिट कार्ड जारी होने का भय दिखाया और उसे बंद करने के नाम पर अलग-अलग बैंकों के खातों में आरटीजीएस के जरिए रुपए ट्रांसफर करा लिए । खुद के साथ ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पानीपत साइबर अपराध थाने में दर्ज कराई है। थाना साइबर अपराध शाखा को दी गई शिकायत में पानीपत निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि वे स्टेट बैंक से रिटायर्ड अधिकारी हैं।

बीती 17 जून की सुबह उनके मोबाइल पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर का अधिकारी बताया। आरोपी ठग ने रणधीर सिंह से कहा कि उनकी पहचान आईडी का इस्तेमाल करके आईसीआई बैंक का एक क्रेडिट कार्ड जारी कराया गया है। जब रणधीर सिंह ने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया है और न ही आवेदन किया है, तो ठगों ने उन्हें कानूनी पचड़े और भारी जुर्माने का डर दिखाना शुरू कर दिया। 18 जून को ठगों द्वारा दिए गए इंडियन बैंक के खाते में अपने खाते से आठ लाख रुपए भेजे।

19 जून को सेंट्रल बैंक के एक खाते में अपनी पत्नी विना कुमारी के खाते से 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए। 24 जून को रत्नाकर बैंक के खाते में अपने खाते से चार लाख 40 हजार रुपए भेजे। दो जुलाई को दोबारा रत्नाकर बैंक के एक अन्य खाते में अपने खाते से पांच लाख रुपए आरटीजीएस कर दिए।

जब पीड़ित रणधीर सिंह ने इतनी बड़ी रकम (कुल 27 लाख 40 हजार रुपए) ट्रांसफर कर दी और उसके बाद भी आरोपियों की तरफ से पैसों की मांग जारी रही, तब उन्हें अपने साथ हुई इस बड़ी धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत मामले की प्राथमिक रिपोर्ट नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई । इसके बाद पीड़ित ने पानीपत के साइबर अपराध थाने पहुंचकर लिखित दरखास्त सौंपी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story