पलवल में लॉटरी के नाम पर साइबर ठगी, व्हाट्सऐप कॉल से युवक से 1.79 लाख रुपये ठगे

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 02 अप्रैल (हि.स.)। पलवल जिले में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामले में ठगों ने लॉटरी निकलने का झांसा देकर एक युवक से 1.79 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर अपराध थाना प्रभारी नवीन कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पलवल निवासी सुनील कुमार ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 मार्च 2026 को उनके पास एक संदेश सेवा के माध्यम से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लॉटरी एजेंट बताते हुए बड़ी धनराशि जीतने का लालच दिया।

आरोपी ने प्रोसेसिंग शुल्क, कर और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर सुनील से अलग-अलग किश्तों में कुल 1.79 लाख रुपये अपने खाते में जमा करवा लिए। कुछ समय बाद जब कोई राशि प्राप्त नहीं हुई और कॉल करने वाला संपर्क से बाहर हो गया, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

इसके बाद पीड़ित ने तुरंत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगों ने सुनियोजित तरीके से विश्वास में लेकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और लॉटरी या इनाम के नाम पर पैसे की मांग किए जाने पर सतर्क रहें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर अपराध पोर्टल या नजदीकी थाने में दें।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story