नूंह में लोगों को खाते में पैसों केे फर्जी संदेश भेजकर ठगने वाला काबू
नूंह, 05 जून (हि.स.)। साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए पिनगवां थाना पुलिस ने एक ऐसे साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को फर्जी रकम क्रेडिट होने के संदेश भेजकर ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी की पहचान परवेज निवासी बारा रीठड़, थाना पिनगवां, जिला नूंह के रूप में हुई है।
पुलिस को साइबर पोर्टल के माध्यम से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि पकड़ा गया आरोपी लोगों को मोबाइल पर फर्जी रकम खाते में जमा होने के संदेश भेजता था। इसके बाद वह उन्हें बड़े मुनाफे या अतिरिक्त धनराशि मिलने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता और ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
बरामद मोबाइल फोन की जांच के दौरान साइबर पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत का भी पता चला है। इसके अलावा मोबाइल में कई संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये की साइबर ठगी की थी। गिरफ्तारी के बाद पिनगवां पुलिस ने आरोपी को आगे की जांच के लिए साइबर थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। साइबर टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

