यमुनानगर:क्रिप्टो निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, आठ के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 19 अप्रैल (हि.स.)।यमुनानगर शहर में क्रिप्टो करेंसी में निवेश के बहाने बड़े स्तर पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ऊंचे रिटर्न का लालच देकर एक संगठित गिरोह ने करीब 4.16 करोड़ रुपये हड़प लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा टालमटोल करने के साथ धमकियां देने का भी आरोप है।

सिटी थाना पुलिस ने कंपनी के निदेशक समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिलक नगर निवासी अश्वनी कुमार व अन्य शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि प्रांशु दत्ता, रमेश दत्ता, संदीप दत्ता, दीक्षा दत्ता, अमित खेड़ा, हेमंत भटनागर, हरनेक सिंह और विनय गुप्ता ने मिलकर सुनियोजित तरीके से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि शुरुआत में 8 से 10 प्रतिशत मासिक लाभ का भरोसा दिलाया गया और कुछ महीनों तक भुगतान कर विश्वास कायम किया गया। इसके बाद निवेशकों ने अपनी बचत, आभूषण, बैंक ऋण और उधार के माध्यम से बड़ी रकम आरोपियों को सौंप दी। निवेश दिखाने के लिए एक एप उपलब्ध कराई गई, जिसमें आईडी के जरिए काल्पनिक रिटर्न दर्शाया जाता था। शिकायत में कुल 4 करोड़ 16 लाख 28 हजार 368 रुपये के निवेश का उल्लेख है। आरोपियों ने निवेश बढ़ाने के लिए विदेशी यात्राओं और आकर्षक बैठकों का भी आयोजन किया। बाद में योजनाबद्ध तरीके से राशि को कुछ समय के लिए लॉक करने का दबाव बनाया गया। अगस्त 2025 के बाद जब निवेशकों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। शिकायकर्ता का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला पोंजी स्कीम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story