यमुनानगर:बेलगढ़ क्रेशर मारपीट प्रकरण में भूख-हड़ताल तेज, आआप का समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:बेलगढ़ क्रेशर मारपीट प्रकरण में भूख-हड़ताल तेज, आआप का समर्थन


यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के बेलगढ़ क्रेशर मारपीट प्रकरण में उपायुक्त कार्यालय के सामने चल रही भूख-हड़ताल को बुधवार को आम आदमी पार्टी का समर्थन मिलने से आंदोलन को और बल मिला। पीड़ित पक्ष न्याय की मांग पर पिछले चार दिनों से अनशन पर डटा हुआ है।

भूख-हड़ताल पर बैठे संजय और भरत बेनीवाल ने आरोप लगाया कि बेलगढ़ क्षेत्र में क्रेशर से जुड़े विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में उन्होंने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है। धरना स्थल पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। आम आदमी पार्टी नेता दलीप दड़वा ने कहा कि बेलगढ़ क्रेशर मारपीट प्रकरण गंभीर है और इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार और समाजसेवी लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि उनके साथ अन्याय होता है तो उसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। योगेन्द्र चौहान ने कहा कि प्रशासन को इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक बेलगढ़ क्रेशर मारपीट प्रकरण में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख-हड़ताल जारी रहेगी। प्रशासन से इस मामले में त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story