यमुनानगर:स्टोन क्रशर पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:स्टोन क्रशर पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत


यमुनानगर, 13 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र स्थित मोहियुद्दीनपुर के एक स्टोन क्रशर पर कार्य के दौरान 38 वर्षीय ट्रक चालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद घायल चालक को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर स्टोन क्रशर संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिला निवासी प्रणाम सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से संबंधित कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था और निर्माण सामग्री की ढुलाई करता था। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और मां को छोड़ गया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भांजे जंगबहादर सिंह ने बताया कि हादसे के समय ट्रक में कोर्स सैंड लोड की जा चुकी थी। प्रणाम सिंह वाहन के ऊपर चढ़कर सामग्री को समतल करने के बाद तिरपाल बांध रहा था। इसी दौरान ट्रक के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से उसे तेज करंट लगा और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य चालकों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्टोन क्रशर परिसर में ट्रकों के लिए बनाया गया रैंप सीधे हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे स्थित है, जिससे वहां काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में रहती है। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

छछरौली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्टोन क्रशर मालिक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, सुरक्षा मानकों और संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story