पानीपत निवासी सीआरपीएफ के एसआई का श्रीनगर में देहांत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत निवासी सीआरपीएफ के एसआई का श्रीनगर में देहांत


पानीपत, 30 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव गढ़ सरनाई निवासी व श्रीनगर में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सब इंस्पेक्टर तेजपाल का ड्यूटी के दौरान अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। सोमवार को ही अवकाश खत्म होने पर वह अपने परिवार से मिलकर वापस ड्यूटी पर लौटे थे। रविवार को उनका पैतृक गांव गढ़ सरनाई में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पारिवार द्वारा मिली जानकारी के अनुसार तेजपाल साल 2001 में सीआरपीएफ में बतौर सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। अपनी कर्मठता और बहादुरी के बूते पदोन्नति होने पर वह सब इंस्पेक्टर के पद पर विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बीते दिनों वे अपने गांव गढ़ सरनाई अवकाश पर आए हुए थे। इसी सोमवार को अवकाश पूर्ण होने पर वापस श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) अपनी यूनिट में ड्यूटी पर तैनात थे।

शुक्रवार को दोपहर बाद ड्यूटी के दौरान अचानक तेजपाल की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। यूनिट के साथी जवानों ने तुरंत उन्हें नजदीकी सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया। लेकिन इलाज के दौरान हृदय गति रुक जाने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। जैसे ही शुक्रवार देर शाम सीआरपीएफ मुख्यालय की ओर से तेजपाल सिंह के निधन की आधिकारिक सूचना उनके परिजनों को मिली, तो घर का माहौल गमगीन हो गया।

इस दुखद खबर से पूरे गढ़ सरनाई गांव सहित आस-पास के गांवों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि तेजपाल बेहद मिलनसार और देशभक्त इंसान थे, जब भी छुट्टी आते थे, गांव के युवाओं को सेना और अर्धसैनिक बलों में जाने के लिए प्रेरित करते थे। आज पूरा गांव अपने इस वीर सपूत के अंतिम दर्शनों व अंतिम विदाई देने के लिए पलकें बिछाए इंतजार कर रहा है। तेजपाल सिंह अपने पीछे एक हंसता-खेलता परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें उनकी पत्नी और तीन होनहार बच्चे शामिल हैं। उनके दो बच्चे वर्तमान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, जबकि उनका छोटा बेटा देश का बड़ा प्रशासनिक अधिकारी बनने के लिए सिविल सेवा की कोचिंग ले रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story