सिरसा: तेज हवा के साथ बरसात, सरसों व गेहूं फसल को नुकसान
सिरसा, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के कई क्षेत्रों में मंगलवार शाम को तेज हवा के साथ बरसात हुई। बेमौसमी बरसात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं। खेतों में सरसों व गेहूं की फसल पककर तैयार है, ऐसे में बरसात व तेज हवा किसानों की मेहनत पर पानी फेर सकती है। बाद दोपहर एकाएक मौसम बदला और शाम को तेज अंधड़ के साथ बरसात शुरू हुई। बरसात से सरसों व गेहूं की फसल को काफी नुकसान होने की आशंका है। सरसों की फसल पककर तैयार है। कुछ किसानों ने सरसों की फसल निकाल ली है और मंडियों में आनी शुरू हो गई। उल्लेखनीय है कि बीते दिवस भी तेज अंधड़ के चलते जिले के कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य जगदीश चोपड़ा ने जिले के गांव सुचान, कुसुंभी, जोधकां, मोचीवाली आदि क्षेत्रों में आई अंधड़ व बरसात से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। जगदीश चोपड़ा ने कहा कि नुकसान की भरवाई सरकार द्वारा की जाएगी। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत की। उन्होंने नुकसानग्रस्त फसलों का अवलोकन कर तुरन्त राहत के लिए जिला प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। जगदीश चोपड़ा ने कहा कि अंधड़ व बरसात से कई गांवों में भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि नुकसानग्रस्त फसल के एक-एक दाने का भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा। किसानों की पीड़ा को वर्तमान सरकार भली भांति समझती है। इससे पूर्व भी खराब हुई फसलों का करोड़ों रुपए का मुआवजा सरकार ने किसानों के खाते में डालने का काम किया है। इस अवसर पर भाजपा नेता रोहताश जांगड़ा, हनुमान कुंडू, रोहताश पलथानिया, रविंद्र चौहान, सुरेंद्र जेवलिया, प्रभु राम जांगड़ा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

