कैथल के युवक की अमेरिका में मौत

WhatsApp Channel Join Now
कैथल के युवक की अमेरिका में मौत


कैथल, 16 मई (हि.स.)। जिले के गांव पबनावा से जुड़े एक परिवार की उम्मीदें उस वक्त टूट गईं जब उनका इकलौता कमाने वाला बेटा अमेरिका में अचानक दम तोड़ गया। 37 वर्षीय मनीष कुमार की अमेरिका में शुक्रवार को मौत हो गई। इसने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि विदेश में बेहतर भविष्य के सपनों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मनीष करीब चार साल पहले कर्ज और जमीन बेचकर अमेरिका गया था, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सके। वहां वह किराये की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात उसे हार्ट अटैक आया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार के मुताबिक, मनीष ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी चार बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि उसके खुद के परिवार में पत्नी और 13 साल का बेटा है। बुजुर्ग पिता अब पूरी तरह असहाय हो चुके हैं। ऐसे में मनीष की मौत ने पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक संकट में धकेल दिया है। परिजनों ने बताया कि मौत से कुछ समय पहले ही मनीष की अपने परिवार से बातचीत हुई थी। उसने कहा था कि वह गाड़ी चला रहा है और बाद में बात करेगा, लेकिन यह बातचीत आखिरी साबित हुई।

मां केलो देवी ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने के लिए उन्होंने डेढ़ एकड़ जमीन बेच दी थी। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा विदेश में मेहनत कर परिवार का सहारा बनेगा, लेकिन अब उनकी सारी उम्मीदें खत्म हो गई हैं। परिवार ने सरकार से मनीष के शव को भारत लाने में मदद की गुहार लगाई है, ताकि अंतिम संस्कार गांव में किया जा सके और परिजन आखिरी बार उसका चेहरा देख सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story