कैथल: ग्याहरवीं कक्षा में कम अंक आने पर छात्र ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 14 मई (हि.स.)। कैथल के गांव शक्ति नगर में एक 16 वर्षीय छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक छात्र ने हाल ही में 12वीं कक्षा में प्रवेश लिया था और 11वीं कक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने के कारण मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, छात्र को 11वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में 65 प्रतिशत अंक मिले थे, जिन्हें वह कम मानकर पिछले कुछ समय से तनाव में था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने देर रात घर में तौलिये का फंदा बनाकर पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता रामकुमार और पड़ोसी शेर सिंह ने बताया कि विवेक पढ़ाई को लेकर गंभीर था, लेकिन कम अंक आने के बाद से वह उदास रहने लगा था। घटना वाली रात उसने अकेले में यह कदम उठा लिया। परिजनों ने बताया कि विवेक परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है। अनाज मंडी चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के पिता के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story