पानीपत: मारपीट में घायल युवक की पीजीआई में माैत, अब हत्या का केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: मारपीट में घायल युवक की पीजीआई में माैत, अब हत्या का केस दर्ज


पानीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के गांव राणा माजरा में मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट मामले में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नौ अप्रैल को दो युवकों द्वारा बेरहमी से पीटे गए 23 वर्षीय रिंकू की रविवार देर रात रोहतक पीजीआई में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने पहले से दर्ज मारपीट के मामले में अब हत्या की धारा जोड़ कर नए सिरे से कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक के पिता श्रीपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ अप्रैल की शाम उनका पूरा परिवार खेत में गेहूं की कटाई कर रहा था। शाम के समय गांव का ही प्रवीन उनके पास आया और रिंकू को बराना गांव चलने के बहाने अपने साथ ले गया। रास्ते में उन्हें सोनू मिला और तीनों साथ चल दिए।

शिकायत के अनुसार, रास्ते में आश्रम के पास पहुंचते ही प्रवीन और सोनू ने अचानक रिंकू पर हमला कर दिया। दोनों ने रिंकू को नीचे गिराकर लात-घूंसों व डंडों से बुरी तरह पीटा।हैवानियत की हदें पार करते हुए हमलावरों ने मोटरसाइकिल की चाबी रिंकू के सिर के पिछले हिस्से में घोंप दी। चोट इतनी गहरी थी कि रिंकू के कान से खून का बहाव रुक ही नहीं रहा था। गंभीर हालत में घायल रिंकू को पहले गढ़ी बेसिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पानीपत सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पानीपत के डॉक्टरों ने रिंकू की नाजुक हालत देखते हुए उसे तुरंत रोहतक पीजीआई भेज दिया। तीन दिनों तक वेंटिलेटर और डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद आखिरकार 12 अप्रैल की रात रिंकू ने आखिरी सांस ली। इस मामले में सनौली खुर्द थाना पुलिस ने पहले मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। अब रिंकू की मौत के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story