सिरसा: अपराध से हरियाणा की छवि देशभर में धूमिल: अभय चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: अपराध से हरियाणा की छवि देशभर में धूमिल: अभय चौटाला


सिरसा, 10 अगस्त (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा शासन में निरंतर अपराध, नशे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे हरियाणा की छवि पूरे देश में धूमिल हुई है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। अभय चौटाला सोमवार को सिरसा में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

इनेलो नेता ने कहा कि 27 सितंबर को नूंह में होने वाली चाै. देवीलाल जयंती कार्यक्रम में इनेलो प्रदेशभर से नशे को समाप्त करने के लिए बड़ा ऐलान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केंद्र व प्रदेश का खजाना पूरी तरह से लूट रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का जंतर मंतर पर धरने प्रदर्शन ने हकों की लड़ाई के लिए एक नई दिशा दी है। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने किसानों से उनकी आय दोगुनी करने व स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने का भरोसा दिया था, मगर सत्तासीन होने के बाद से भाजपा इसे भूल गई है। इतिहास में यह पहली बार है जब किसानों को अंगूठे लगाकर अपनी फसल बेचने पर मजबूर होना पड़ा है।

इनेलो ने आंदोलन कर सरकार की इस गलत नीति पर अंकुश लगाया था। इतना ही नहीं इससे पूर्व भी सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन को रोकने का प्रयास किया तब भी इनेलो ने आंदोलन की चेतावनी देकर बुजुर्गों की पेंशन बहाल करवाई। उन्होंने कहा कि भाजपा अंबानी अडाणी जैसे उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाकर अनाजमंडियों को बंद करना चाहती है।

अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में बने रहने का अवसर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया है क्योंकि राज्यसभा के लिए हुई वोटिंग में 14 कांग्रेस नेताओं ने उनके कहने पर भाजपा को वोट दिया। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा शासन में दो दर्जन घोटाले हुए मगर किसी को भी इसमें कोई सजा नहीं दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story