पानीपत: होली खेलने के बाद युवक की चाकू से गोदकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: होली खेलने के बाद युवक की चाकू से गोदकर हत्या


पानीपत, 05 मार्च (हि.स.)। पानीपत में बीती रात करीब 20-25 हमलावरों ने एक युवक पर लाठी-डंडों, गंडासियों और बर्फ तोड़ने वाले सुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने की वजह सिर्फ इतनी थी कि युवक ने आरोपी के दुश्मन के साथ होली खेली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 22 वर्षीय ललित के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात को ललित घर से खाना खाने के बाद घूमने के लिए निकला था। जैसे ही वह वर्मा चौक के पास पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे करीब दो दर्जन से अधिक हमलावरों ने ललित को घेर लिया और हथियारों से उस पर वार करने शुरू कर दिए जिससे ललित की मौत हो गई। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी का ही रहने वाला अजय अपने साथ 20-25 युवकों को लेकर आया था। हमलावरों के हाथ में गंडासियां, लाठियां और बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सुए थे। आरोपियों ने ललित पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया और उसके शरीर को सूओं से गोद डाला।

हमले के बाद ललित खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए। परिवार के अनुसार, आरोपी अजय की उसी कॉलोनी के रहने वाले राजेंद्र नामक व्यक्ति से पुरानी रंजिश चल रही थी। बुधवार को ललित ने राजेंद्र के साथ मिलकर होली का त्योहार मनाया था। अजय को यह बात खटक गई और उसने ललित को सबक सिखाने के लिए अपनी पूरी गैंग के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। और हादसे के बाद परिजनों ने ललित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। फिलहाल ललित के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। पुलिस ने पिता को शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अजय और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story