कैथल पुलिस ने साढे 11 लाख के 72 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 30 मई (हि.स.)। जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने मई माह में करीब 11.50 लाख रुपये कीमत के 72 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढ निकाले। इन मोबाइल फोनों को शनिवार पुलिस लाइन कैथल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया। इस अवसर पर डीएसपी बीर भान ने स्वयं मोबाइल फोन मालिकों को उनके फोन लौटाए।

साइबर सेल प्रभारी एएसआई राकेश के नेतृत्व में एएसआई रणदीप सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक, अरुण तथा सिपाही अनिल कुमार, अजय वीर और मोनू की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए। डीएसपी बीर भान ने बताया कि साइबर सेल द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती है, जिसके चलते लाखों रुपये की कीमत के मोबाइल फोन ट्रेस करने में सफलता मिली है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के इस पोर्टल की विशेषता यह है कि शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है, जिससे उसका दुरुपयोग नहीं हो पाता। मोबाइल ट्रेस होने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को सूचना देकर फोन वापस दिलाया जाता है। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने जिला पुलिस का आभार व्यक्त किया और साइबर सेल टीम की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की तत्परता से यह संभव हो पाया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने साइबर सेल टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर लोगों को उनके मोबाइल फोन मिलने की खुशी है, वहीं दूसरी ओर यह भी सुनिश्चित हुआ है कि ये मोबाइल किसी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल होने से बच गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story