कैथल: विदेश भेजने का विज्ञापन देख लाखाें की ठगी का हुआ शिकार

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 28 अगस्त (हि.स.)। इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने का विज्ञापन देखकर उसके जरिए संपर्क करना सीवन निवासी एक शिक्षक को महंगा पड़ गया। बेटे से मिलने इंग्लैंड जाने की इच्छा में शिक्षक ने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया तो साइबर ठग ने वीजा और विदेश भेजने की प्रक्रिया के नाम पर उससे 1.01 लाख रुपये ठग लिए।

रुपये मिलने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। सीवन निवासी अश्वनी कुमार ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शिक्षक है और उसका बेटा शुभम इंग्लैंड में रहता है। 25 अगस्त को वह अपने मोबाइल फोन पर इंस्टाग्राम चला रहा था। इसी दौरान उसकी नजर विदेश भेजने से संबंधित एक विज्ञापन पर पड़ी। विज्ञापन में विदेश जाने के लिए पूरी सर्विस उपलब्ध कराने का दावा करते हुए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था।

बेटे के पास इंग्लैंड जाने की इच्छा होने के कारण अश्वनी ने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया। व्हाट्सएप कॉल पर हुई बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने इंग्लैंड भेजने के लिए कुल 1.82 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। ठग ने बातचीत के दौरान उसके बेटे का मोबाइल नंबर भी ले लिया। इसके बाद आरोपी ने रुपये जमा करवाने के लिए एक स्कैनर भेजा। शिकायत के अनुसार अश्वनी ने आरोपी के कहने पर स्कैनर के जरिए दो बार में 71 हजार और 30 हजार रुपये जमा कर दिए। कुल 1.01 लाख रुपये मिलने के बाद आरोपी ने उससे संपर्क करना बंद कर दिया। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। इसके बाद अश्वनी को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप संपर्क और रुपये भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए खाते/पेमेंट माध्यम की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story