कैथल: विदेश भेजने के नाम पर 11 लाख की ठगी, दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: विदेश भेजने के नाम पर 11 लाख की ठगी, दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 26 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 11 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कैथल पुलिस के एंटी इमिग्रेशन सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी कासिम मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार ढांड निवासी सोहन लाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह वर्ष 2022 से सिंगापुर में पढ़ाई कर रहा था। दिसंबर 2023 में उसकी व्हाट्सएप के माध्यम से होशियारपुर निवासी साहिल कुमार, कानपुर (यूपी) के परौली रावतपुर निवासी दीपेंद्र सिंह तथा दिल्ली निवासी कासिम मोहम्मद से बातचीत हुई। तीनों ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताकर उसे सिंगापुर से ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 12 लाख रुपये की मांग की।

जनवरी 2024 में आरोपी ढांड पहुंचे और शिकायतकर्ता के पिता से मुलाकात कर उन्हें भी भरोसे में ले लिया। इस दौरान आरोपियों ने पासपोर्ट की कॉपी के साथ तीन लाख रुपये नकद ले लिए। बाद में परिवार ने उनके बताए बैंक खातों में आठ लाख रुपये और जमा करा दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने ऑस्ट्रेलिया का वीजा भेज दिया, जिस पर भरोसा कर शिकायतकर्ता सिंगापुर से इंडोनेशिया पहुंच गया।

इंडोनेशिया में आरोपियों ने उसे करीब दस दिन तक रुकवाए रखा। जब उसने वहां ऑस्ट्रेलियाई दूतावास में वीजा की जांच कराई तो पता चला कि वीजा पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद वह 24 जनवरी 2024 को भारत लौट आया और पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। जांच में आरोपियों द्वारा 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की पुष्टि होने पर थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान एंटी इमिग्रेशन सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कासिम मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story