कैथल में पुलिस-आरोपी मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में आरोपी की टांग में लगी गोली
कैथल, 04 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही टाल दिया। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक इनामी आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की दाहिनी टांग में गोली लगी है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना शहर क्षेत्र में फायरिंग कर युवक पर जानलेवा हमला करने वाला इनामी आरोपी गांव मटाैर निवासी संदीप एक आई-20 कार में फरल की ओर से पूंडरी आएगा और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरल नहर के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध आई-20 कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया और गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसके बाद आरोपी गाड़ी से उतरकर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली टीम इंचार्ज एसआई मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी।
पुलिस ने संयमित जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग की। जवाबी फायर में आरोपी की टांग में गोली लगी और वह गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और एक कारतूस बरामद किया गया है। उसके खिलाफ थाना पूंडरी में पुलिस पर कातिलाना हमला करने का मामला दर्ज किया गया है।
फायरिंग केस में था वांछित
डीएसपी ने बताया कि आरोपी संदीप 19 फरवरी को हुए फायरिंग मामले में वांछित था। शिकायतकर्ता बलराज नगर निवासी अमित के अनुसार, वह अपने साथी राहुल के साथ जखोली अड्डा स्थित ठेके पर गया था। उसी दौरान संदीप ने उस पर देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। आरोपी और उसके साथियों ने पीछा करते हुए कई राउंड फायर किए, जिसमें अमित के हाथ में गोली लगी थी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

