कैथल: 42 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: 42 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार


कैथल: 42 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार


कैथल, 29 जून (हि.स.)।

जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए 42 किलो 260 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पहली कार्रवाई सीआईए-1 की टीम ने की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के सुपौल जिले के गांव सरायगढ़ निवासी पप्पू कुमार भारी मात्रा में गांजा लेकर गांव प्योदा के रास्ते कैथल आने वाला है। सूचना के आधार पर सीआईए-1 प्रभारी सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह के नेतृत्व में टीम ने नेशनल हाईवे-52 पर गांव प्योदा के पास नाकाबंदी कर दी। रात करीब आठ बजे एक संदिग्ध युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और डीएसपी कलायत रोहताश की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 20 किलो 680 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना तितरम में मामला दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने चंदाना क्षेत्र में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के गांव रहिशपुर निवासी कपिल कुमार एक्सेंट कार में गांजा लेकर आसपास के गांवों में सप्लाई करने के लिए आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने गांव चंदाना बाईपास पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर चालक को हिरासत में लिया गया। डीएसपी मुख्यालय बीर भान सिंह की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिग्गी से 21 किलो 580 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

जिला पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे गांजा कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story