हिसार : पुलिस ने शुरू किया अपराध व अपराधियों पर नकेल कसना
जिलेभर में मासिक पैदल गश्त व पेट्रोलिंग अभियान
चलाया
हिसार, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में कानून व्यवस्था
को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत
करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर मासिक पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग)
अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशों पर मंगलवार काे चलाए गए अभियान में
जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों
व कर्मचारियों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील व भीड़-भाड़ वाले स्थानों,
बाजारों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण
स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिससे
आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रकार की पैदल
गश्त का मुख्य उद्देश्य न केवल अपराधों पर अंकुश लगाना है, बल्कि आपराधिक प्रवृत्ति
के व्यक्तियों के मन में कानून का भय उत्पन्न करना भी है। जब पुलिस टीम लगातार क्षेत्र
में सक्रिय रूप से गश्त करती है, तो इससे असामाजिक तत्वों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनता
है और वे अपराध करने से हिचकते हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान का एक महत्वपूर्ण
पहलू पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देना भी है। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों ने स्थानीय
नागरिकों, दुकानदारों व राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें नशे,
चोरी, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया। लोगों को यह भी
बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते
उचित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस टीमों ने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर
ध्यान केंद्रित किया, जहां पहले अपराध की घटनाएं सामने आई हैं या जहां भीड़ अधिक रहती
है। इन स्थानों पर गश्त कर अपराधियों में भय का माहौल पैदा किया गया तथा यह स्पष्ट
संदेश दिया गया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी
भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर अधिकतम
पुलिस बल की भागीदारी सुनिश्चित की गई। प्रत्येक थाना प्रभारी ने अपने क्षेत्र में
प्रभावी ढंग से गश्त का संचालन किया और यह सुनिश्चित किया कि हर प्रमुख स्थान पर पुलिस
की सक्रिय उपस्थिति बनी रहे।
हिसार पुलिस का मानना है कि अपराध नियंत्रण केवल
कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के साथ सकारात्मक संबंध स्थापित करना भी उतना
ही आवश्यक है। इसी दिशा में पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे जैसी
सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों
से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, किसी भी प्रकार
की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और समाज को सुरक्षित
व अपराधमुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

