हिसार : अवैध संबंधों के शक में विवाद: पति ने पत्नी व प्रेमी पर छिड़का पेट्रोल, तीनों झुलसे

WhatsApp Channel Join Now

आधी रात घर पहुंचे प्रेमी को देख भड़का पति, भागने की कोशिश में खुद भी आग

की चपेट में आया

हिसार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सदर क्षेत्र के गांव न्योलीकलां में बुधवार आधी

रात कथित अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद पति, पत्नी और उसका प्रेमी गंभीर रूप

से आग में झुलस गए। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया

है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार न्योली कलां निवासी बलवान अपनी पत्नी मीरा और दो

बच्चों के साथ गांव में रहता है। मीरा की जान पहचान बगला रोड स्थित एक फैक्ट्री में

काम करने के दौरान मूल रूप से बिहार निवासी रघुबीर से हो गई। फैक्ट्री में काम करने

के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं और इसकी भनक बलवान को भी लग चुकी थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात रघुबीर कथित तौर पर छिपकर मीरा के घर जा पहुंचा।

उस वक्त बलवान भी घर पर ही था। घर के अंदर रघुबीर को अचानक देखकर दोनों के बीच तीखी

कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर

बलवान ने कथित तौर पर अपनी पत्नी मीरा और उसके प्रेमी रघुबीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग

के हवाले कर दिया। घटना के बाद जब बलवान वहां से भागने की कोशिश करने लगा, तो आग बुझाने

या उसे पकड़ने के प्रयास में रघुबीर ने उसे दबोच लिया, जिसकी वजह से आग की लपटें बलवान

तक भी पहुंच गईं और वह भी इसकी चपेट में आ गया।

इस हादसे में मीरा और रघुबीर के साथ-साथ खुद बलवान भी गंभीर रूप से झुलस गया।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को

अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते बलवान और मीरा को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज

में भर्ती कराया गया है, जबकि रघुबीर को पहले हिसार नागरिक अस्पताल ले जाया गया था

जहां से हालत गंभीर होने पर उसे भी अग्रोहा रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों की हालत

गंभीर बनी हुई है और वे आईसीयू में उपचाराधीन हैं।

सदर थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अस्पताल

में भर्ती घायलों के बयान दर्ज करने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story