हांसी : पानी की मांग पर बैठे अनशनकारियों की बिगड़ी तबीयत

WhatsApp Channel Join Now
हांसी : पानी की मांग पर बैठे अनशनकारियों की बिगड़ी तबीयत


हांसी : पानी की मांग पर बैठे अनशनकारियों की बिगड़ी तबीयत


पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह तथा बसपा प्रदेशाध्यक्ष

कृष्ण जमालपुर ने दिया समर्थन

हांसी, 17 जून (हि.स.)। बरवाला रोड़ स्थित गांव

चानौत में पेयजल समस्या के समाधान की मांग पर चल रहे धरने पर आठ दिनों से आमरण अनशन

पर बैठे पांचों अनशनकारियों की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। इसके बावजूद उन्होंने

अपना संघर्ष जारी रखने का फैसला किया है। धरना स्थल पर ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक

संगठनों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए गए स्वास्थ

परिक्षण में टेकराम का शुगर लेवल 36 तथा बीपी 114/73 मिला। ग्रामीणों का धरना बुधवार

को 33वें दिन भी जारी रहा।

पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह

धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने

कहा कि चानौत गांव को शहर की पाइपलाइन से पेयजल उपलब्ध करवाना कोई बड़ी समस्या नहीं

है। सरकार चाहे तो इस मुद्दे का समाधान तुरंत किया जा सकता है, लेकिन सरकार जानबूझकर

अनावश्यक देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विकास और जनसमस्याओं

के समाधान की बजाय लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों

की जायज मांगों को लंबे समय तक अनदेखा करना उचित नहीं है और सरकार को तुरंत हस्तक्षेप

कर समस्या का समाधान करना चाहिए।

धरनास्थल पर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष

कृष्ण जमालपुर भी पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पानी जैसी

मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो

सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने ग्रामीणों के संघर्ष को न्यायपूर्ण बताते

हुए सरकार से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।

धरना कमेटी के सदस्यों ने बताया कि 18 जून को

होने वाली ट्रैक्टर यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में

कमेटी के प्रतिनिधियों ने सिंघवा, खानपुर, सिंधड़ व डाटा तथा मसूदपुर सहित कई गांवों

में संपर्क अभियान चलाकर लोगों से ट्रैक्टर यात्रा में शामिल होने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story