जींद : रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण को सरकार ने मंजूर की पचास फीसदी धनराशि

WhatsApp Channel Join Now
जींद : रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण को सरकार ने मंजूर की पचास फीसदी धनराशि


जींद, 13 सितंबर (हि.स.)। जींद के लोगों के लिए खुशखबरी है। रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर सरकार ने 50 प्रतिशत धनराशि की स्वीकृति दे दी है। इससे रिंग रोड के लिए जिन भी लोगों की जमीन अधिग्रहित होगी, उन्हें रुपये मिल जाएंगे और जींद को रिंग रोड की सौगात जमीनी स्तर पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे शहर पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और भारी वाहन भी बाहर से जा सकेंगे। इसके साथ ही जींद में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने में मदद मिलेगी और जींद की दिल्ली से कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। जींद विकास के नाए आयाम छुएगा।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने रविवार को बताया कि अब प्रस्तावित रिंग रोड नरवाना रोड से शुरू होकर जुलानी, राजपुरा, ईक्कस, किनाना, जलालपुर खुर्द व कलां समेत करीब 10 गांवों की सीमा को छूते हुए रोहतक रोड की तरफ जाएगा। शहर से निकलने वाली प्रमुख सड़कें भी इससे जोड़ी जाएंगी। इससे वाहन चालकों को एक सड़क से दूसरी सड़क पर जाने के लिए शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा और जींद शहर को जाम से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी।

हांसी-बरवाला जाने वाले वाहन शहर से बाहर निकलेंगे

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि जींद में बनने वाले रिंग रिंग रोड का सबसे बड़ा फायदा जींद शहर को होगा। नरवाना, कैथल, बरवाला, हांसी, भिवानी और रोहतक की तरफ जाने वाले ऐसे वाहनों को, जिन्हें शहर में काम नहीं है, बाहर से ही आगे निकलने का रास्ता मिल जाएगा। खासकर भारी वाहनों की शहर के अंदर आवाजाही कम होने से मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों पर जाम का दबाव घटेगा।

रिंग रोड बनने से जींद शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति : डा. मिड्ढा

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि रिंग रोड जमीन अधिग्रहण को लेकर 50 प्रतिशत रुपयों की स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल तथा मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार अंत्योदय की योजना पर काम कर रही है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार का एक ही मकसद है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के व्यक्ति को मिले। जिसका सार्थक परिणाम प्रदेश में सबको नजर आने लगा है। अब शहर में रिंग रोड बनने से जींद के विकास की गति का पहिया पहले से भी तेज घूमेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story