पुलिस कांस्टेबल भर्ती को 15 अप्रैल से शुरू होगा पीएमटी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए पीएमटी की परीक्षा हेतु युवाओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्रदेश में 15 अप्रैल से फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) शुरू होगा। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर इस बारे में जानकारी दी।

आयोग चेयरमैन ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि अब इंतजार खत्म, पीएमटी 15 अप्रैल 2026 से आयोजित किया जाना संभावित है। पीएमटी के लिए एडमिट कार्ड जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

आयोग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस परीक्षा में करीब ढाई लाख युवा भाग लेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। खेल विभाग के सहयोग से पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बॉस्केटबाल और वॉलीबाल हॉल को आरक्षित किया गया है। वहीं लंबे टेस्ट शेड्यूल के लिए ड्यूटी देने को खेल विभाग से कोच भी मांगे हैं।उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार ने हाल ही में पुलिस सिपाही भर्ती निकाली है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने 5,500 पदों पर पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इससे पहले 5061 पदों पर सबसे बड़ी भर्ती हुई थी। वर्तमान में 4500 पुरुष कांस्टेबल और 600 महिला कांस्टेबलों भर्ती किए जाएंगे। इस भर्ती में करीब 2.70 लाख अभ्यर्थियों ने अपने फॉर्म को कंप्लीट सबमिट किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story