यमुनानगर में यूपी के पुलिसकर्मी से मारपीट, वर्दी फाड़ने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में यूपी के पुलिसकर्मी से मारपीट, वर्दी फाड़ने का आरोप


यमुनानगर, 30 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के ससोली माजरी गांव में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया, जबकि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल राहुल की तैनाती हापुड़ जिले में है। वह अपनी पत्नी को लेने के लिए यमुनानगर आए थे। बुधवार रात वह अपनी पत्नी पूजा और अन्य परिजनों के साथ गांव की गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक वैभव वहां पहुंचा और बातचीत को लेकर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने आपत्ति का विरोध किया तो युवक ने धमकी दी और स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई। बीच-बचाव के लिए आगे आए कांस्टेबल पर आरोपी ने कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि हाथापाई के दौरान ईंट उठाकर वार करने का प्रयास किया गया, जिससे मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गया और वर्दी भी फट गई।

घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। मामले की जानकारी फर्कपुर थाना पुलिस को दी गई, जहां पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर जांच प्रारंभ कर दी गई है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कांस्टेबल ड्यूटी से सीधे यहां आया था और उसी दौरान विवाद हुआ। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story