जींद : भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
जींद : भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने दिया धरना


जींद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय के सामने धरना देकर विरोध प्रर्दशन किया। प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कांग्रेस सांसद एवं प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम द्वारा छात्राओं का यौन शोषण के आरोपों के चलते उन्हें बर्खास्त किया जाए। धरने में विस डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा भी शामिल हुए और कांग्रेस पर निशाना साधा।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि पूरा हिदुस्तान मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस के सांसद पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। ऐसे सांसद को अपना इस्तीफा दे देना चाहिए।

नारी शक्ति की यह मांग है कि मां के नवरात्रों के दौरान राहुल गांधी को उसका इस्तीफा मंजूर कर देना चाहिए। जिसे बहुत पुण्य मिलेगा। जो आंदोलन जंतर-मंतर पर चल रहा है, उसमें विदेशी शक्तियां काम कर रही है। वहीं कांग्रेस देश को खंड-खंड करने की बात कर रही है। महिलाओं और बच्चियों से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों में जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की बेटियों को सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व का रवैया गंभीर सवाल खड़े करता है। महिलाओं और बच्चियों के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीति करने के बजाय जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अगर कोई परंपराओं को खंडित करने या उनका अपमान करने का प्रयास करेगा तो देश की जनता उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेंद्र ढुल ने कहा कि सांसद को कांग्रेस से निष्कासित करने और लोकसभा से इस्तीफा दिलवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद पर गंभीर आरोप लगे हैं। कांग्रेस नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है। इस मौके पर नप चेयरमैन डा. अनुराधा सैनी, सुषमा अत्री, कविता शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन मनीष गोयल, वाइस चेयरमैन हरिदास सैनी, अंकिता, योगिता, गीता समेत काफी संख्या मे भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story