सिरसा: कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
सिरसा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। चंडीगढ़ में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिरसा की कीर्ति नगर पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राज कुमार शर्मा, वीरभान मेहता, संदीप नेहरा व सुभाष जोधपुरिया कार्यकर्ताओं के साथ सुबह चंडीगढ़ के लिए जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया और पुलिस चौकी ले गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन में भाग लेना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और वे किसी भी तरह का गैर कानूनी काम नहीं कर रहे। मगर पुलिस ने उनकी एक भी बात नहीं सुनी। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर कीर्ति नगर पुलिस चौकी ले गई।
कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की सूचना जैसे ही पार्टी कार्यकर्ताओं को मिली तो उन्होंने कीर्तिनगर पुलिस चौकी के बाहर हल्ला बोल दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दो घंटे तक हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को छोड़ दिया।
कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा ने कहा कि पार्टी की ओर से यह प्रदर्शन महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित मुद्दों को लेकर बुलाया गया था। वे अपनी बात रखने के लिए चंडीगढ़ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जो कि सरासर अन्यायपूर्ण व अलोकतांत्रिक है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के रोका गया और कई देर तक चौकी में बैठाए रखा गया। पुलिस की यह कार्रवाई लोकतंत्र पर हमला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बढ़ते जनाधार को देखकर भाजपा घबरा गई है और उसे अपना सिंहासन डोलता नजर आ रहा है, इसलिए सरकार कांग्रेस को आगे बढऩे से रोकने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे लाख जतन कर ले, वह उसे जनता के हितों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

