हिसार : सेना का अपमान करने वाले मंत्री को बर्खास्त करे भाजपा : योगेश सिहाग

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : सेना का अपमान करने वाले मंत्री को बर्खास्त करे भाजपा : योगेश सिहाग


हिसार, 15 मई (हि.स.)। भाजपा की तिरंगा यात्रा पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट योगेश सिहाग ने करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले उस मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए जिसने सेना का अपमान किया है, तभी उसे तिरंगा यात्रा निकालने का नैतिक अधिकार है।एडवोकेट योगेश सिहाग ने गुरुवार काे कहा कि सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया वीरता और समर्पण पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने बताया कि कर्नल सोफिया ने 2016 में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व किया और एक्सरसाइज नामक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में 18 देशों का नेतृत्व कर भारत का मान बढ़ाया। उनकी सैन्य पृष्ठभूमि गौरवशाली है। उनके दादा, पिता और पति तीनों सेना में अधिकारी रहे हैं। उनके पिता ने भारत-पाक युद्ध में हिस्सा लिया और उनकी परदादी 1857 की क्रांति में रानी लक्ष्मीबाई के साथ लड़ी थीं।एडवोकेट योगेश सिहाग ने कहा कि ऐसी साहसी महिला अधिकारी को भाजपा का एक मंत्री कैमरे पर पाकिस्तानी बेटी कहकर न सिर्फ उनका, बल्कि पूरे देश की सेना का अपमान कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सबसे पहले ऐसे मंत्री पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक आयोजन नहीं, यह राष्ट्र की आत्मा है। इसका राजनीतिक इस्तेमाल निंदनीय है। कहा कि कांग्रेस ने तिरंगे के लिए बलिदान दिया है और आज भी उसकी गरिमा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरोपी मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं की। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, जो स्वागत योग्य है। इससे आम जनता का न्यायपालिका के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story