यमुनानगर:संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी कांग्रेस:राव नरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी कांग्रेस:राव नरेंद्र सिंह


यमुनानगर, 15 मई (हि.स.) हरियाणा में नगर निकाय चुनावों के बाद कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को यमुनानगर में प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की, जिसमें प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में जिला इकाइयों की गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा निकाय चुनावों के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संरचना को और अधिक मजबूत बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से संगठन विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मई माह के अंत तक ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी।

इसके बाद मंडल और वार्ड स्तर तक कमेटियों का गठन किया जाएगा। निकाय चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा, लेकिन कई स्थानों पर सत्ता पक्ष द्वारा सरकारी तंत्र के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर ईवीएम से जुड़े मामलों को लेकर प्रत्याशियों और एजेंटों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। साथ ही उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर महंगाई और जनविरोधी नीतियों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों से आमजन प्रभावित हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस 18 से 20 मई तक प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन अभियान चलाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story