11 दिन में 4 बार पेट्रोल-डीजल महंगा, जनता पर ‘महंगाई बम’ फोड़ रही भाजपा : रणदीप सुरजेवाला

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता पर महंगाई बम फोड़ रही है, पिछले 11 दिनों में चार बार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गई है। भाजपा महंगाई की किस्तों के जरिये रोजाना आमजन जन की जेब पर डाका डाल रही है। लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों से आम आदमी का बजट पूरी तरह चरमरा गया है।

साेमवार काे चंडीगढ़ में जारी बयान में उन्होंने कहा कि 15 मई से 25 मई के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल 7.53 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। अब हरियाणा में पेट्रोल 103.40 रुपये और डीजल 96.04 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटकर लगभग 96 डॉलर प्रति बैरल रह गई है, तो फिर देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार क्यों बढ़ाई जा रही हैं। सुरजेवाला ने दावा किया कि वर्ष 2014 में कच्चा तेल 100 से 108 डॉलर प्रति बैरल था, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में औसत कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल रही। इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी के जरिए करीब 43 लाख करोड़ रुपये की वसूली की है। पेट्रोल पर औसतन 19.70 रुपये और डीजल पर 15.50 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगाकर जनता पर भारी बोझ डाला गया।

सुरजेवाला ने तेल कंपनियों के मुनाफे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने वर्ष 2025-26 में संयुक्त रूप से 77,280 करोड़ रुपये का लाभ कमाया। उन्होंने हरियाणा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पेट्रोल पर 18.20 प्रतिशत और डीजल पर 16 प्रतिशत वैट लगाया जा रहा है, जिससे हर लीटर पर लोगों से अतिरिक्त टैक्स वसूला जा रहा है। सुरजेवाला ने सीएनजी और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी चिंता जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story