राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस में घमासान, कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राम किशन गुर्जर का इस्तीफा
चंडीगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव परिणाम का ऐलान होने के बाद कांग्रेस में घमासान मच गया है। क्रास वोटिंग के आरोपों के बाद कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर ने मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया।
हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव परिणाम देर रात्रि घोषित हुआ, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को विजयी घोषित किया गया। मगर कर्मवीर बौद्ध के खाते में 37 में से महज 28 वोट ही आए, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदली को 25 वोट मिले, जिसके चलते उन्होंने आखिर तक कर्मवीर बौद्ध को टक्कर दी। क्रॉस वोटिंग की इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि कांग्रेस अभी भी गुटबाजी से उभर नहीं पा रही है। लिहाजा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा हाईकमान को सौंपी गई रिपोर्ट और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सख्त तेवर इस बात के संकेत हैं कि पार्टी अब अनुशासनहीनता पर किसी भी तरह की नरमी बरतने के पक्ष में नहीं है।
कांग्रेस अपने पांच विधायकों को नोटिस देने की तैयारी में है, वहीं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर के इस्तीफे ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। पांच विधायकों की क्रॉस वोटिंग और चार विधायकों के वोट निरस्त होने का पूरा ब्योरा कांग्रेस हाईकमान तक पहुंच चुका है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक भी इन विधायकों के नाम भेज दिए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी लाइन से हटकर काम करने वाले विधायकों पर किसी भी समय कार्रवाई हो सकती है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगर भाजपा की रणनीति पूरी तरह सफल हो जाती, तो कांग्रेस में बगावत करने वाले विधायकों की संख्या एक दर्जन से भी अधिक हो सकती थी। सोशल मीडिया पर वायरल है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों में शैली चौधरी, रेणुबाला, मोहम्मद इसराइल, मोहम्मद इलियास और जरनैल सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं जिन विधायकों के वोट निरस्त हुए, उनके नाम भी पार्टी नेतृत्व को भेजे जा चुके हैं। हालांकि पार्टी ने अभी तक किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हुड्डा की रिपोर्ट से तेज हुई कार्रवाई की प्रक्रिया
विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उन विधायकों की सूची तैयार कर हाईकमान को सौंप दी है, जिनकी भूमिका संदिग्ध रही। रोचक बात यह है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद खुद भी मतदान केंद्र में मौजूद थे। ऐसे में वे खुद भी पार्टी नेतृत्व को पूरी रिपोर्ट देंगे। हुड्डा ने सार्वजनिक तौर पर नामों का खुलासा नहीं किया, लेकिन संकेत साफ हैं कि पार्टी अब अनुशासनहीनता को लेकर नरमी नहीं दिखाएगी। बताया जा रहा है कि पहले चरण में इन विधायकों से जवाब मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें पार्टी से बाहर किया जा सकता है। मंगलवार दिनभर चले क्रॉस वोटिंग के घटनाक्रम के बीच हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को एक लाइन का इस्तीफा भेजकर पद छोड़ दिया। रामकिशन गुर्जर, नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी के पति हैं और उनका नाम भी क्रॉस वोटिंग विवाद से जोड़ा जा रहा है। उनका इस्तीफा इस पूरे सियासी घटनाक्रम की पहली बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इस मामले में पारिवारिक रिश्तों की भी अहम भूमिका रही। रामकिशन गुर्जर की बेटी की शादी केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के परिवार में हुई है। चर्चा है कि इसी रिश्तेदारी के जरिए राजनीतिक संपर्क साधे गए और कांग्रेस के भीतर सेंधमारी की रणनीति बनाई गई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सियासी हलकों में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

