राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के विरोध में कांग्रेस ने निकाला रोष मार्च

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के विरोध में कांग्रेस ने निकाला रोष मार्च


चंडीगढ़, 01 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध मेंं मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस के विधायकों, सांसदों, वरिष्ठ नेताओं ने चंडीगढ़ स्थित एचपीसीसी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने तथा मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान करने वालों पर एफआईआर करने की मांग उठाई।

इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार को जिन लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए थी, उन पर तो नहीं की, उल्टा राहुल गांधी पर एफआईआर कर दी। इससे साफ हो गया है कि बीजेपी पूरी तरह दलित-विरोधी मानसिकता से ग्रस्त है और जानबूझकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ करने वालों को बचा रही है। क्योंकि बीजेपी चाहती है कि देश में दलितों के साथ भेदभाव व ऊँच-नीच की मानसिकता बनी रहे। इसलिए वह ऐसी मानसिकता वाले लोगों को संरक्षण दे रही है और उनके खिलाफ आवाज उठाने वाले राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story