यमुनानगर:नीट पेपर लीक व महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:नीट पेपर लीक व महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन


यमुनानगर, 20 मई (हि.स.) नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को जिला यमुनानगर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी जगाधरी अनाज मंडी गेट पर एकत्रित हुए, जहां धरना देकर केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शहर में मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचकर जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा बढ़ती महंगाई पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण लगाने की मांग की गई। कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का पेपर लीक होना शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से विद्यार्थियों और अभिभावकों में निराशा बढ़ रही है तथा युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से परिवहन, कृषि, उद्योग और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर मध्यम वर्ग, किसानों और मजदूरों पर पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती लागत के कारण किसानों की खेती प्रभावित हो रही है, क्योंकि कृषि कार्यों में डीजल आधारित संसाधनों पर निर्भरता अधिक है। उन्होंने केंद्र सरकार से राहतकारी कदम उठाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story