राज्य सभा चुनाव में क्रास वाेटिंग पर सदन में हंगामा, कांग्रेस के आठ विधायक किए गए नेम,किया वॉकआउट
चंडीगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर आज विधानसभा में खूब हंगामा हुआ। हंगामे के बीच बजट अनुमानों की रिपोर्ट पेश की गई, लेकिन हंगामे को बढ़ते देख विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित की। इसके बाद कार्यवाही शुरू हुई तो नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी के बीच तीखी नोकझोक हुई। इसी बीच लंच तक कार्यवाही स्थगित कर दी। लंच के बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू किया, स्पीकर की ओर से कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन कांग्रेस विधायकों का हंगामा जारी रहा। इसके बाद स्पीकर ने कांग्रेस के आठ विधायकों को नेम किया, जिसके विरोध में कांग्रेस ने वॉकआउट करते हुए सदन छोड़ दिया। वहीं, सदन छोड़ने पर भाजपा की ओर से मंत्री कृष्ण बेदी ने निंदा प्रस्ताव पेश किया, जिससे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के बाद बेरी से कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने क्रॉस वोटिंग का मुद्दा उठाया। हालांकि, विस अध्यक्ष ने उन्हें यह कहते हुए टोका कि यह सदन का विषय नहीं है। दोनों पार्टियां अपने स्तर पर सदन से बाहर इस अपने-अपने स्तर पर फैसला लें। स्पीकर ने उन्हें टोकते हुए बैठने की नसीहत दी, लेकिन इस बीच दोनों तरफ से हंगामा शुरू हो गया। सदन में कांग्रेस विधायकों ने वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए। हंगामे के बीच सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी ने भी विपक्ष पर खूब तंज कसे। यही नहीं, कांग्रेस विधायकों ने स्पीकर वेल में पहुंचकर नारेबाजी जारी रखी। भाजपा विधायकों और मंत्री कृष्ण बेदी तथा गौरव गौतम ने उंगलियां दिखाकर कांग्रेस विधायकों की तरफ इशारा किया। राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस के चार वोट रद्द हुए हैं जबकि पांच क्रॉस वोटिंग हुई। रघुवीर सिंह कादियान ने कहां कि वोट खरीदने से हरियाणा की बदनामी हुई है। मंत्री गौरव गौतम और कृष्ण बेदी ने कागज पर 37 में से 9 लिखकर कांग्रेस विधायक की ओर दिखाते हुए चिढ़ाया।
सदन के माहौल को देखते हुए स्पीकर खड़े होकर सभी विधायकों को अपनी-अपनी सीटों पर बैठने की हिदायत दी, लेकिन हंगामा बदस्तूर जारी रहा। इसी बीच स्पीकर ने मंत्री कृष्ण बेदी को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए नसीहत दी कि मंत्री जी जब स्पीकर चेयर से खड़ा होता है तो सदन के माननीयों को अपनी-अपनी सीटों पर बैठना चाहिए। हंगामे और शोरगुल के बीच सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित की गई। दोपहर भोज के बाद हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे शुरू हुई। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर की ओर से कई बार विधायकों को बैठने की हिदायत दी गई, लेकिन विधायकों ने नारेबाजी जारी रखी।
जवाब में भाजपा विधायकों की ओर से कागज पर कुछ लिखकर लहराया तो कांग्रेस विधायकों ने 'वोट चोर डूब मरो के नारे' के नारे लगाए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही करते हुए 8 विधायकों को नेम किया, इनमें कलायत विधायक विकास सहारण, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, महम विधायक बलराम दांगी, बरौदा विधायक इंदूराज, गुहला-चीका विधायक देवेंद्र हंस, कलानौर विधायक शंकुलता खटक, पिहोवा विधायक मनदीप चट्ठा और फतेहाबाद विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया शामिल हैं। विधायकों को नेम करने के विरोध में कांग्रेस ने वॉकआउट करते हुए सदन छोड़ दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

