निकाय चुनाव के घोषणा पत्र में जनता की समस्याओं काे उठाएगी कांग्रेस
-भुक्कल कमेटी ने किया मंथन, जल्द जारी होगा घोषणा पत्र
चंडीगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति ने चंडीगढ़ में आज बैठक का आयोजन करके घोषणा पत्र के मुद्दों पर चर्चा की। चुनाव घोषणा पत्र समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल की अध्यक्षता में हुई इस बैइक में समिति के सदस्य विधायक बीबी बत्रा, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, संजीव भारद्वाज, सतीश तेजली, तरुण चुघ तथा जयवीर आंतिल ने बैठक में भाग लिया।बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में आमजन को पेश आ रही समस्याओं तथा उनके व्यवहारिक एवं प्रभावी समाधान पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को साझा करते हुए एक समावेशी घोषणा पत्र तैयार करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर बोलते हुए समिति की चेयरपर्सन गीता भुक्कल ने बताया कि घोषणा पत्र तैयार करने के लिए संबंधित सांसदों, विधायकों एवं जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ आमजन से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हो चुके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश के तीनों म्युनिसिपल कॉरपोरेशनों पंचकुला, अंबाला तथा सोनीपत के साथ साथ रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं के लिए एक समग्र एवं संयुक्त घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें भय और भ्रष्टाचार को समाप्त करना प्रमुख प्राथमिकता होगी।
भुक्कल ने विश्वास व्यक्त किया कि समिति द्वारा तैयार किया जा रहा घोषणा पत्र आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और नगर निकायों के समग्र विकास के लिए एक ठोस रोडमैप प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि घोषणा पत्र को शीघ्र अंतिम रूप देकर सार्वजनिक करने हेतु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंप दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

