निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेगी कांग्रेस, किया समिति का गठन

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में भले ही तीन नगर निगमों में चुनाव होने जा रहे हैं लेकिन राजनीतिक दृष्टिकोण यह चुनाव काफी अहम माने जा रहे हैं। भाजपा से अधिक विपक्षी कांग्रेस के लिए इन चुनावों के समीकरण महत्व रखते हैं। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही पार्टी सिंबल पर चुनाव लडऩे का ऐलान कर चुके हैं। सोमवार को चुनावों की घोषणा के तुरंत बाद हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने निकाय चुनावों के लिए एक घोषणा पत्र समिति का गठन कर दिया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार, झज्जर की विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री चुनाव घोषणा पत्र समिति की चेयरपर्सन होंगी। इसके अलावा नूंह के विधायक आफताब अहमद, रोहतक के विधायक बी.बी. बत्रा, एआईसीसी के सदस्य जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज, पार्टी के वरिष्ठ तरुण चुघ, सतीश तेजली व जयवीर अंतिल को समिति का सदस्य बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इस समिति को स्थानीय निकाय चुनावों से संबंधित प्रमुख स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि समिति को स्थानीय निवासियों से सक्रिय रूप से सुझाव और विचार प्राप्त करने के लिए भी कहा गया है, ताकि एक व्यापक और प्रभावी घोषणा पत्र तैयार किया जा सके, जो जनता की समस्याओं और आकांक्षाओं को सही रूप में प्रतिबिंबित करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story