वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस ने तेज किया अभियान, दिल्ली रैली में नूंह से जाएंगे पांच हजार कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस ने तेज किया अभियान, दिल्ली रैली में नूंह से जाएंगे पांच हजार कार्यकर्ता


नूंह, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा पर कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए गुरुवार को नूंह स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेवात क्षेत्र से पांच हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रैली में ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ और पूर्व मंत्री सरदार बख्शीस सिंह विर्क मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान ने की। इस दौरान विधायक आफताब अहमद, विधायक मामन खान सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को मोदी सरकार का 'पिट्ठू' तक कह दिया। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए इसके खिलाफ राजनीतिक अभियान को और तेज करने की बात कही।

जिला कांग्रेस कमेटी ने मेवात क्षेत्र से पांच हजार से अधिक लोगों को दिल्ली की महारैली में शामिल कराने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत नूंह जिले के सभी छह ब्लॉकों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में विधायक आफताब अहमद, विधायक मामन खान, चौधरी अख्तर हुसैन, महताब अहमद, हाजी इब्राहिम खान, सेवादल अध्यक्ष लक्ष्मण, उपाध्यक्ष सोहराब खान, इम्तियाज अली, आरिफ लुहिंगा, ब्लॉक अध्यक्ष जमशेद खान, रामकरण, मुबारिक मलिक, सैफुल्लाह खान और रजाक खान सहित अनेक नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story