नूंह: नीट परीक्षा के सफल संचालन में फेल होने पर पद से इस्तीफा दें शिक्षा मंत्री
नूंह, 22 जून (हि.स.)। नूंह जिला के कांग्रेस अध्यक्ष तथा विधायकाें ने नीट पेपर दोबारा लिए जाने पर केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की है। सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय नूंह में जिला अध्यक्ष शाहिदा खान की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद और फिरोजपुर झिरका से विधायक इंजीनियर मामन खान, इब्राहिम इंजीनियर, हाजी अख्तार शाहिद अन्य मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट यूजी परीक्षा, पेपर लीक और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाहिदा खान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनप्रतिनिधियों को खरीदने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के संचालन में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाया जाए और प्रधानमंत्री देश के छात्रों को भरोसा दिलाएं कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होंगी।
पूर्व मंत्री एवं नूंह विधायक आफताब अहमद ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नीट परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठते रहे हैं और इस वर्ष पेपर लीक की घटना से लाखों छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस पूरे मामले की जिम्मेदार है और प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
वहीं फिरोजपुर झिरका के विधायक इंजीनियर मामन खान ने कहा कि नीट परीक्षा की तैयारी में वर्षों का समय और लाखों रुपये खर्च करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय हुआ है। मामन खान ने कहा कि सरकार विकास के बजाय बुलडोजर की राजनीति कर रही है, इसलिए इसे भाजपा सरकार नहीं बल्कि बुलडोजर सरकार कहा जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

