झूठ की राजनीति करने वाले लोगों को विकास रास नही आ रहा : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
झूठ की राजनीति करने वाले लोगों को विकास रास नही आ रहा : नायब सैनी


जींद, 04 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि झूठ की राजनीति करने वाले लोगों को विकास रास नही आ रहा है। विपक्ष के पास आज कोई एजेंडा नही है, विजन नही है, नीति भी नहीं है। उनके पास एक ही एजेंडा है कि भ्रम फैलाओ, झूठ बोलो और लोगों को गुमराह करो। कांग्रेस बौखला गई है, वो विकास को नही रोक पा रहे हैं, इसलिए वो झूठ बोल कर लोगों को भ्रमित और गुमराह करने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को सफीदों में आयोजित विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सफीदों के सिवानामाल में पशु अस्पताल के लिए नई बिल्डिंग बनाने की घोषणा की। खातला में भी पशु अस्पताल की नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। रामसर पार्क के निर्माण, सफीदों में ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शीघ्र करवाने, सफीदों शहर में लाइब्रेरी, ज्योतिबा फूले प्रवेश दरबार पानीपत रोड पर, रिहायशी घरों के ऊपर से गुजर रही 33केवी लाइन नियमानुसार हटाने, खेडाखेमावती में 33केवीए सब स्टेशन पर लगे पावर ट्रांसफर की क्षमता बढाए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वो विपक्ष से पूछना चाहते हैं कि आप दशकों तक सत्ता में रहे तो उन्होंने सफीदों के लिए क्या किया। विपक्ष ने कभी खेती की चिंता की, कभी बच्चों के भविष्य को सोचा। उन्होंने केवल सत्ता सुख भोगा और परिवारवाद को बढावा दिया। पहले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था। सड़कें खराब थी। रोजगार के लिए युवा भटकते थे। विकास केवल कागजों तक ही सीमित था लेकिन आज पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह तस्वीर बदल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बिना पर्ची व खर्ची के पारदर्शी आधार पर नौकरी मिल रही है। यह बदलाव जनता के जीवन में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल व डीजल, गैस के दाम बढ़ रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री ने एक्साइज डयूटी को घटा कर देश के लोगों को देने का काम किया है। विपक्ष गैस, पेट्रोल और डीजल को लेकर गुमराह करने का काम कर रहा है। वो कहना चाहते हैं कि हरियाणा में गैस, डीजल व पेट्रोल की कोई कमी नही होगी। विपक्ष की अफवाहों से बचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, वो करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story