विधायकों से दुर्व्यवहार के मुद्दे राज्यपाल के दरबार में जाएगी कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now

विधानसभा में आज फिर से होगा हंगामा

चंडीगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में प्रदर्शन करते हुए प्रवेश के दौरान रोके जाने के घटनाक्रम को कांग्रेस अब मुद्दा बनाएगी। मानसून सत्र के पहले दिन आठ विधायकों के निलंबन से गुस्साए कांग्रेस विधायक सोमवार को सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष से मुलाकात करेंगे। ऐसे में साफ हो गया है कि सोमवार को भी विपक्ष सदन में हंगामा करने की तैयारी में है। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त को शुरू हुआ था।कांग्रेस विधायकों ने काले कपड़े पहनकर पेपर लीक होने, हरियाणा कौशल रोजग़ार निगम के ज़रिए भर्ती में युवाओं के साथ कथित धोखाधड़ी,अयोध्या राम मंदिर में कथित दान चोरी और सफ़ाई कर्मचारियों के समर्थन में हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की तरफ पैदल मार्च किया था। मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मियों ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई कांग्रेस विधायकों को रोक लिया। इस संबंध में भूपेंद्र हुड्डा ने सुरक्षा अमले पर मारपीट का आरोप भी लगाया। इसके बाद कांग्रेस तथा भाजपा ने एक-दूसरे के खिलाफ धक्का-मुक्की के वीडियो जारी करके अपने दावों को पुष्ट किया। सदन के भीतर विपक्ष ने प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं चलने दी। जिसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने आठ विधायकों को निलंबित कर दिया।

अब सोमवार को तीन दिन बाद विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी। ऐसे में कांग्रेस ने पहले से ही सरकार को विधायकों के साथ हुए दुर्व्यवहार के मुद्दे पर घेरने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस विधायकों का शिष्टमंडल सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राज्यपाल से मुलाकात करेगी। कांग्रेस के चीफ़ व्हिप बी.बी. बत्रा ने कहा कि 10 विधायकों का एक पैनल दोपहर 12 बजे गवर्नर से मिलेगा। राज्यपाल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story