हरियाणा में एक दशक बाद कांग्रेस ने बनाए 104 ब्लाक प्रधान

WhatsApp Channel Join Now

-हरियाणा में कुल 180 ब्लाक, अभी 76 पदों पर फैसला बाकी

चंडीगढ़, 17 जून (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस ने करीब 12 साल बाद प्रदेश में ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। राव नरेंद्र सिंह से पहले कुमारी सैलजा,उदयभान तथा अशोक तंवर आदि अध्यक्ष यह नियुक्तियां नहीं कर सके थे। बुधवार को प्रदेश के 180 ब्लाकों में से 104 ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान कर दिया गया है, जबकि 76 ब्लाकों पर फैसला अभी बाकी है। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद पहली सूची जारी कर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की शुरुआत कर दी। सूत्रों के अनुसार ब्लाक अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया उस समय शुरू हुई थी जब बीके हरिप्रसाद हरियाणा मामलों के प्रभारी थे।

बाद में उन्हें कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी मिल गई और वे हरियाणा से चले गए। वर्तमान में हरियाणा कांग्रेस में कोई प्रभारी नहीं है। मंगलवार को प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात भी हुई। इसके बाद संगठन स्तर पर पहली सूची जारी होने को राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ब्लाक अध्यक्षों के चयन से पहले पार्टी ने जिलाध्यक्षों, स्थानीय सांसदों, विधायकों और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लिया। जिलाध्यक्षों को यह भी कहा गया था कि वे ब्लाक स्तर के नामों का पैनल तैयार करने से पहले स्थानीय वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करें। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं और संगठनात्मक ढांचे के अनुसार अधिकांश हलकों में दो-दो ब्लाक बनाए गए हैं। इसी कारण ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति को कांग्रेस के अगले राजनीतिक चरण की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, ब्लाक अध्यक्षों के चयन में जिलाध्यक्षों और स्थानीय विधायकों की भूमिका सबसे अधिक रही। इसके साथ 2024 विधानसभा चुनाव लड़ चुके नेताओं की पसंद-नापसंद का असर भी कई हलकों में दिखाई दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story