हिसार : मजबूत एवं कम वजन के होते कंपोजिट मेटीरियल्स : प्रो. बीके बेहरा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : मजबूत एवं कम वजन के होते कंपोजिट मेटीरियल्स : प्रो. बीके बेहरा


‘कंपोजिट साइंस एंड इंजीनियरिंग फॉर ए सस्टेनेबल फ्यूचर’ विषय पर व्याख्यान

कार्यक्रम आयोजित

हिसार, 11 अप्रैल (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन

सेंटर में ‘कंपोजिट साइंस एंड इंजीनियरिंग फॉर ए सस्टेनेबल फ्यूचर’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान

कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

ने शनिवार काे अपने संदेश में कहा कि गुजविप्रौवि अपने विद्यार्थियों को वर्तमान प्रतिस्पर्धी

युग के अनुसार सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थी

नवीनतम तकनीकों से रूबरू होते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस कार्यक्रम के लिए बधाई दी। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने अपने संदेश में इस

कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी तथा कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी

उद्योगों की मांग के अनुरूप नवीनतम जानकारी हासिल करेंगे।

इस व्याख्यान कार्यक्रम में टीआईटीएस भिवानी

के निदेशक एवं आईआईटी दिल्ली के पूर्व वरिष्ठ प्रोफेसर बीके बेहरा मुख्य वक्ता के रूप

में उपस्थित रहे। अध्यक्षता पीडीयूआईआईसी के निदेशक प्रो. ओम प्रकाश सांगवान ने की।

मुख्य वक्ता प्रो. बीके बेहरा ने अपने व्याख्यान

में प्रतिभागियों को टेक्सटाइल स्ट्रक्चर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने

बताया कंपोजिट मेटीरियल क्या होते हैं तथा टेक्सटाइल इंजीनियरिंग का क्या महत्व है।

उन्होंने बताया कि कंपोजिट मेटीरियल्स मजबूत एवं कम वजन के होते हैं। इन पर जंग नहीं

लगता, इसलिए यह ज्यादा समय तक चलते हैं। ये ईंधन की बचत करने वाले तथा पर्यावरण के

अनुकूल होते हैं। इस पर जो शोध हुए हैं उनके बारे में भी प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी

दी गई।

प्रो. बीके बेहरा ने कहा कि भारत में टेक्टाइल

इंजीनियरिंग की सबसे बड़ी मार्केट है, लेकिन इसका पूर्ण रूप से अध्ययन नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग के तो कई कोर्स हैं परंतु कंपोजिट साइंस का कोई कोर्स

टीआईटीएस भिवानी में नहीं है। उन्होंने कहा कि टीआईटीएस भिवानी में मास्टर प्रोग्राम

इन कंपोजिट साइंस कोर्स शुरू किया जाएगा। प्रो. ओम प्रकाश सांगवान ने अपने संबोधन में

बताया इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल

इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंजीनियरिंग

एंड डेटा साइंस, फिजिक्स विभाग व हरियाणा स्कूल आॅफ बिजनेस के विद्यार्थियों ने भाग

लिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

मंच संचालन ग्रिशिका ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story