नूंह पुलिस ने साइबर ठगी के दो आरोपी पकड़े
नूंह, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए नूंह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन से सोशल मीडिया अकाउंट, संदिग्ध चैट, क्यूआर कोड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस तकनीकी इनपुट और साइबर क्राइम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पहले मामले में पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव बुबलहेड़ी निवासी अरबाज के बारे में सूचना मिली थी कि वह कथित तौर पर फर्जी पहचान और मोबाइल फोन के जरिए साइबर ठगी में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में खेतों के बीच बने एक मकान पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें सिम कार्ड लगा था।
मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सऐप बिजनेस पर 'शर्मा इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी' के नाम से प्रोफाइल और फेसबुक पर 'दीपक शर्मा' नाम से अकाउंट मिला। फोन की गैलरी में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बिक्री से संबंधित संदिग्ध संदेश और क्यूआर कोड की तस्वीरें भी मिलीं। पुलिस के अनुसार, संबंधित मोबाइल नंबर के खिलाफ साइबर क्राइम पोर्टल पर दो शिकायतें दर्ज मिलीं, जिनमें 50,599 रुपये और 17,600 रुपये की रकम का उल्लेख है।
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि गांव हिरवाड़ी निवासी आफाक खान मोबाइल फोन के माध्यम से साइबर ठगी में संलिप्त है। सूचना पर पुलिस टीम ने हिरवाड़ी से हाजीबास जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें दो सिम कार्ड लगे हुए थे। पुलिस के अनुसार, एक सिम कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर के खिलाफ महाराष्ट्र के जलगांव से संबंधित साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

