सूट-साड़ी की होम डिलीवरी के नाम पर साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सूट-साड़ी की होम डिलीवरी के नाम पर साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार


नूंह, 05 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर सूट-साड़ी बेचने, फ्लैट व कमरे किराये पर देने और रंगीन तोतों की होम डिलीवरी करने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में आरोपियों के तार ओडिशा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के शिकायतकर्ताओं से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों से सामने आए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहले मामले में साइबर टीम ने गांव चांदड़ाका के पास से साहिब पुत्र अरसद निवासी गांव जैवंत, थाना सदर पुन्हाना को गिरफ्तार किया। आरोपी ऑनलाइन सूट और साड़ी बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। उसके मोबाइल फोन में व्हाट्सएप पर 'मां दुर्गा टेक्सटाइल' के नाम से प्रोफाइल मिली। मोबाइल में इस्तेमाल एक अन्य नंबर की साइबर क्राइम पोर्टल पर जांच करने पर ओडिशा के राउरकेला निवासी एक व्यक्ति से 3,600 रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज मिली। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

फ्लैट और कमरे किराये पर देने के नाम पर बनाते थे निशाना

दूसरे मामले में पुलिस ने पिनगवां की भाट कॉलोनी से इसताक पुत्र रुस्तम निवासी गांव झिमरावट, हाल आबाद भाट कॉलोनी पिनगवां को गिरफ्तार किया। आरोपी फ्लैट और कमरे किराये पर देने के नाम पर बुकिंग चार्ज और विजिटिंग चार्ज के रूप में अग्रिम भुगतान लेकर लोगों को ठगता था। उसके मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप बिजनेस पर 'कुलदीप सिंह' और फेसबुक पर 'अनुराग गुप्ता' के नाम से अकाउंट मिले। इसके अलावा 99 एकर एप पर भी उसका अकाउंट लॉगिन मिला। पुलिस को मोबाइल में फ्लैट और कमरे किराये पर देने से संबंधित चैट, वॉयस मैसेज, क्यूआर कोड, कमरों की तस्वीरें और कथित फर्जी आधार कार्ड के फोटो मिले। इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड के संबंध में दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन ईस्ट में करीब 7,000 रुपये की ठगी की शिकायत भी सामने आई है।

रंगीन तोतों की होम डिलीवरी का विज्ञापन देकर करते थे ठगी

तीसरे मामले में थाना सदर फिरोजपुर झिरका पुलिस टीम ने गांव नावली से नांगल मुबारिकपुर जाने वाले रास्ते पर खेतों में कार्रवाई करते हुए तोकिर उर्फ भुम्मा पुत्र जमशेद निवासी गांव नांगल मुबारिकपुर, थाना नगीना को गिरफ्तार किया। आरोपी रंगीन तोतों की ऑल इंडिया होम डिलीवरी करने का विज्ञापन देकर लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल में 'राहुल शर्मा जी' के नाम से व्हाट्सएप बिजनेस और 'राहुल शर्मा' के नाम से फेसबुक अकाउंट लॉगिन मिला। मोबाइल में व्हाट्सएप चैट, वॉयस रिकॉर्डिंग, रंगीन तोतों की तस्वीरें और वीडियो तथा होम डिलीवरी से संबंधित विज्ञापन मिले। सिम कार्ड नंबर की जांच में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी एक शिकायतकर्ता से 3,260 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story