नूंह जिले के समाधान शिविरों में पहुंची 13 शिकायतें,अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नूंह जिले के समाधान शिविरों में पहुंची 13 शिकायतें,अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश


नूंह, 19 अक्टूबर (हि.स.)। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को नूंह जिले के नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना में समाधान शिविर आयोजित किए गए। नूंह के लघु सचिवालय स्थित सभागार में नगराधीश अप्रितम सिंह ने नागरिकों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तीनों स्थानों पर कुल 13 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें नूंह में छह, फिरोजपुर झिरका में पांच और पुन्हाना में दो शिकायतें शामिल हैं।

नगराधीश अप्रितम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आयोजित समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

नूंह में आयोजित शिविर के दौरान गांव रायपुर निवासी रुकसिना ने वर्ष 2025-26 में खराब हुई फसल का बीमा मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत रखी। गांव डिंगरहेड़ी निवासी शमीम अहमद ने करीब 32 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र और आरएमसी सड़क में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।

गांव जलालपुर, नगीना निवासी सलीम ने सरकारी रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने और उसे पक्का बनवाने की मांग की। गांव पाठखोरी निवासी मोहम्मद निसार ने कब्रिस्तान में जनाजे के लिए बनाए जा रहे चबूतरे का अधूरा निर्माण कार्य पूरा करवाने की शिकायत दी। वहीं, गांव जलालपुर, फिरोजपुर झिरका निवासी अब्दुल सलीम ने एक एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जनरल मैनेजर पर रास्ते में सामग्री रखने, कथित अवैध कब्जा करने और कहासुनी करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। गांव देवला नंगल निवासी रहीना ने भी अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखी।

फिरोजपुर झिरका में अतिक्रमण और परिवार पहचान पत्र से जुड़ी शिकायतें

फिरोजपुर झिरका में एसडीएम रुहानी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में पांच शिकायतें दर्ज की गईं। गांव अगोन निवासी कुंदन लाल सैनी ने गांव के रकबे को खाली करवाने से संबंधित मामला उठाया। इसके अलावा कबीर मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-248 की पीडब्ल्यूडी सर्विस रोड से अतिक्रमण हटवाने की मांग की गई। डालचंद सैनी और रिजवान ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय अधिक होने के कारण आय संबंधी विवरण में संशोधन करवाने की मांग रखी। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुन्हाना में दो शिकायतें पहुंचीं

पुन्हाना में आयोजित समाधान शिविर में भी अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं। यहां दो शिकायतें दर्ज की गईं। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और पात्र शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story