हिसार : बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का बीमा व मुआवजा तुरंत दिया जाए
उपमंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसान सभा ने
उठाई मांग
हिसार, 03 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय किसान
सभा की हिसार इकाई ने आंधी, तूफान, बारिश, ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का बीमा व
मुआवजा राशि दिलवाने के लिये उपमंडल अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में शुक्रवार काे किसान नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से
आंधी, तूफान, बारिश व ओलावृष्टि से रबी की पकी हुई फसलों, सब्जियों व फलों को भारी
नुकसान हुआ है। किसानों को नुकसान की पूर्ति के लिये क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला जाए व
स्पेशल गिरदावरी करवाई जाए। प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए। प्रभावित किसानों
को कर्ज मुक्त किया जाए। मंडी में लगी बेफालतू की शर्तों को हटाया जाए। मंडी का समय
24 घंटे किया जाए। फसलों की खरीद एमएसपी पर सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन देने वालों में तहसील प्रधान रमेश मिरकां,
सचिव अभेराम फौजी, लक्ष्मण शाहपुर, रतन मात्रश्याम, राजबीर सरपंच न्योली, मुख्तयार
नियाणा, बलवंत कैमरी, बलराज सहरावत, सूरजमल पनिहार, मंजीत खरड़, ओमप्रकाश बड़छप्पर
आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

