जींद : नौ दिन बाद फिर से शुरू हुआ शहर से बसों का संचालन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नौ दिन बाद फिर से शुरू हुआ शहर से बसों का संचालन


जींद, 18 जुलाई (हि.स.)। नौ दिन बाद शहर के अंदर से बसों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है। हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री शुक्रवार को जींद पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गोहाना रोड व सफीदों रोड पर पेचवर्क, दीवारों पर पेंटिंग व सजावट का काम चल रहा था। इस कारण शहर के अंदर से गुजरने वाली हांसी, असंध व नरवाना रूट की बसों का संचालन फ्लाईआवेर से किया गया था। आमतौर पर हांसी, हिसार, बरवाला, असंध, करनाल, कैथल लोकल, नरवाना रूट की बस बस स्टैंड से निकलकर गोहाना रोड से होते हुए लघु सचिवालय, नागिरक अस्पताल, पुराना बस स्टैंड, रानी तालाब, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, रुपया चौक, सब्जी मंडी मोड़ से होते हुए पटियाला चौक पर बस जाती हैं।

शहर में लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, रुपया चौक व पटियाला चौक से काफी संख्या में यात्री इन रूट पर जाने के लिए बस पकड़ते हैं। यहां से उन्हें बस पकडऩे के लिए बस स्टैंड जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे यात्रियों का समय और आटो का किराया बचता है। आठ जुलाई से बसों का संचालन फ्लाईओवर से हो रहा था। डिपो में जिलेभर में अलग-अलग रूटों पर 162 प्राइवेट बसें दौड़ रही हैं। इनमें नरवाना रूट पर 31, असंध रूट पर 16, गोहाना और बरवाला रूट पर 19, हांसी रूट पर 26, पुंडरी रूट पर तीन, जींद से पानीपत रूट पर 26, पिल्लूखेड़ा से रोहतक रूट पर पांच, नरवाना से हांसी रूट पर पांच, नरवाना से कैथल रूट पर 24 और नरवाना से हिसार रूट पर 20 निजी बसें शामिल हैं।

शनिवार को जींद डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हांसी, असंध व नरवाना रूट की बसों को फ्लाईओवर से निकाला जा रहा था। अब इन बसों का संचालन फिर से शहर के अंदर से कर दिया गया है। 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करने जींद आए थे और कार्यक्रम संपन्न हो गया है। अब फिर से शहर से बसों का आवागमन शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story