कॉमनवेल्थ के विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित करेगी सरकार

WhatsApp Channel Join Now

-26 अगस्त को पंचकूला में होगा सम्मान समारोह का आयोजन

चंडीगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार कॉमनवेल्थ खेलों के दौरान देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले हरियाणा के खिलाडिय़ों को सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 26 अगस्त को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले समारोह में पदक विजेता खिलाडिय़ों के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाडिय़ों को भी सम्मानित करेंगे।

सरकार की ओर से इस कार्यक्रम में करीब साढे 13 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में करीब 2 हजार युवा खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम पहले 7 अगस्त को होना था लेकिन पीएम का कार्यक्रम बनने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन में हरियाणा की अहम भूमिका रही। देश के खाते में आए 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण हरियाणा के खिलाडिय़ों ने जीते। इसके अलावा हरियाणा के खिलाडिय़ों ने देश के लिए कुल 11 पदक अपने नाम किए।

सरकार की ओर से सिर्फ पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को ही सम्मानित नहीं किया जाएगा, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अन्य खिलाडिय़ों को भी सम्मान मिलेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ेगा और प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों को भी प्रेरणा मिलेगी।

सूत्रों के अनुसार, हरियाणा सरकार की खेल नीति के अनुसार 11 पदक विजेता तथा 13 प्रतिभागी खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। सात स्वर्ण पदक विजेताओं को डेढ-डेढ करोड़, दो रजत पदक विजेताओं को 75-75 लाख, दो कांस्य पदक विजेताओं को 50-50 लाख दिए जाएंगे। राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप साढे सात-साढे सात लाख की राशि प्रदान की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story