पानीपत: बीमारी से तंग आकर किशोरी ने की आत्महत्या
पानीपत, 25 मार्च (हि.स.)। पानीपत के विश्वकर्मा चौक सेक्टर 25 में एक किशोरी ने बीमारी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। जहां परिवार में बड़ी बहन की शादी की तैयारियां चल रही थी, वहीं छोटी बहन ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
मृतका की पहचान 16 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है। कोमल अपने माता-पिता की पांच बेटियों में सबसे छोटी थी। तथा उसके दो छोटे भाई हैं। परिजनों ने बताया कि कोमल पिछले काफी समय से लगातार बुखार और अन्य शारीरिक समस्याओं से त्रस्त थी। काफी इलाज कराने के बावजूद भी उसकी सेहत में सुधार नहीं आ रहा था। इसी वजह से वह दिमागी तौर पर टूट चुकी थी।
कोमल की बड़ी बहन शिवानी की शादी भी 20 अप्रैल को होनी है। जिस कारण पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। तथा 30 मार्च को सभी को शादी के लिए अपने पैतृक गांव जाना था। घटना के समय कोमल घर में अकेली थी। दोपहर के समय जब उसकी बड़ी बहन शिवानी फैक्ट्री से लंच करने के लिए घर पर आई, तो उसने कोमल को पंखे से लटका हुआ पाया। शिवानी ने शोर मचाया और आनन-फानन में पंखे से लटकी कोमल को नीचे उतारा, लेकिन तब तक कोमल की जान जा चुकी थी। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। जिसका पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

